Weather Update: राजस्थान में फिर बदला मौसम का मिजाज, इन जिलों में हो सकती है बारिश

    0
    217

    जयपुर। प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित प्रदेश में सूर्य की तपिश बढ़ने से लोग गर्मी से परेशान हो रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में एक बार फिर मौसम बदलने के आसार है। फिलहाल बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में दिनों दिन सूर्यदेव की तपिश का असर बढ़ रहा है। मौसम शुष्क होने से उमस से तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। कई जिलों में तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बदल रहा है। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।

    तापमान में हल्की गिरावट
    बीते 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाने लगी है। बीते 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है, तो वहीं पूर्वी राजस्थान के सिरोही में 16.7 डिग्री के साथ इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, तो वहीं पश्चिमी राजस्थान के संगरिया हनुमानगढ़ में भी रात का तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही प्रदेश में रात का औसत तापमान भी करीब 20 से 21 डिग्री पर पहुंच चुका है। बीती रात प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात का तापमान 22 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

    प्रदेश के इन जिलों में मेघ बरसने के आसार
    जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक प्रदेश में चार से सात अक्टूबर तक कुछ इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। जोधपुर संभाग के पूर्वी हिस्सों को छोड़कर पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश स्थानों से मानसून विदा हो गया है। भरतपुर, कोटा, उदयपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में चार से सात अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दरअसल गुजरात और पाकिस्तान से लगते हिस्से में एक एंटी साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने से दोबारा पश्चिमी हवाओं का असर तेज होने से तापमान में बढ़ोतरी होगी,इसके चलते बारिश भी होगी।