राजस्थान के किसानों के लिए खुशख़बरी, 120 दिन तक होगी उड़द और मूंग की खरीद

0
736
Rajasthan

Rajasthan की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली सरकार ने हाल ही में अपने कार्यकाल के सफलतापूर्वक 4 साल पूर्ण किए हैं। सीएम राजे ने सुराज के चार साल पूरे होने के अवसर पर शहीदों की धरती झुंझुनूं के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं की हैं। राजस्थान सरकार ने पिछले चार साल में हर वर्ग को ध्यान में रखकर विकास कार्य करवाएं हैं। प्रदेश के किसानों को समृद्ध बनाने और अच्छा मुनाफा कमाने के लिए सरकार पहले ही कई योजनाएं चला रही है। राजे सरकार 2022 तक प्रदेश के किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में प्रयासरत है। केन्द्र सरकार की मदद से राजस्थान सरकार राज्य के किसानों की उपज अच्छे दामों में खरीद रही है। सीएम वसुंधरा राजे के निरंतर प्रयासों से केन्द्र सरकार के कृषि मंत्रालय ने प्रदेश के किसानों को एक बड़ी खुशख़बरी दी है। आइये जानते हैं प्रदेश के किसानों के क्या खुशख़बरी है..

प्रदेश में 120 दिन तक होगी उड़द और मूंग की खरीद

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लगातार प्रयासों के बाद केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने राजस्थान में खरीफ सीजन-2017 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1,31,600 मीट्रिक टन उड़द की खरीद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही कृषि मंत्रालय ने उड़द और मूंग की खरीद का समय बढ़ाकर प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने समय अवधि बढ़ाकर 120 दिन करने के आदेश भी जारी किए हैं। इस विषय में केंद्रीय कृषि मंत्रालय के निदेशक (एमपीएस) ने भारतीय खाद्य निगम, नैफेड और लघु कृषक कृषि व्यापार संघ (एसएफएसी) को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने की घोषणा

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को बारां कृषि उपज मंडी में वर्तमान राजस्थान सरकार के सफलतापूर्वक चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में उड़द और मूंंग की खरीद की समय सीमा बढ़ाए जाने की घोषणा की थी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जहाजरानी, सड़क एवं यातायात मंत्री नितिन गड़करी भी उपस्थित थे। राजे ने यहां हाड़ौती क्षेत्र को अपने चार साल पूर्ण होने पर बड़ी सौगातें दी। उन्होंने यहां झालावाड़, बारां और कोटा जिलों को पेयजल और सिंचाई की पर्याप्त उपलब्धता के लिए परवन वृहद बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री राजे ने हाड़ौती को कुल 8509 करोड़ लागत की परियोजनाओं की सौगातें दी।

राज्य में जनवरी 2018 के अंत तक होगी उड़द और मूंग की खरीद

केंद्रीय कृषि मंत्रालय के आदेश के बाद अब उड़द और मूंग की खरीद जनवरी, 2018 के अंत तक हो सकेगी। जिससे अब तक उपज नहीं बेच सके प्रदेश के किसान सही सरकारी मूल्य पर अपनी उपज बेच सकेंगे। बता दें कि राजस्थान सरकार ने पत्र लिखकर केंद्रीय कृषि मंत्रालय से आग्रह किया था कि खरीफ सीजन-2017 में समर्थन मूल्य योजना के तहत न्यूनमत समर्थन मूल्य पर उड़द और मूंग की खरीद का समय बढ़ाया जाए। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने राज्य की इस मांग को स्वीकार करते हुए राजस्थान के लिए उड़द खरीद की मात्रा को बढ़ाकर 1 लाख 31 हजार 600 मीट्रिक टन कर दिया है। इसके साथ ही मंत्रालय ने उड़द और मूंग की खरीद की समय सीमा 29 सितम्बर, 2017 से अगले 120 दिन यानी जनवरी, 2018 के अंत तक के लिए बढ़ा दी है।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here