सीएम गहलोत ने बेटे वैभव गहलोत को RCA अध्यक्ष बनाने का रास्ता किया साफ, BCCI जाने की भी अटकलें तेज

0
878

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत की राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। वैभव गहलोत को राजसमंद जिला क्रिकेट एसोसिएशन का कोषाध्यक्ष चुन लिया गया है। इसी के साथ ही अब माना जा रहा है कि सीएम के बेटे को आरसीए का अध्यक्ष बनाया जाएगा। बता दें कि वैभव को पहले जोधपुर जिला संघ से एंट्री कराने के प्रयास किए गए, लेकिन हाईकोर्ट का स्टे लगने के बाद उन्हें राजसमंद से पदाधिकारी बनाया गया, इसके बाद वे बीसीसीआई में भी जा सकते हैं।

RCA 12 सितंबर तक करेगा चुनाव की घोषणा
विभानसभा और आरसीए अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी भी राजसमंद के कोषाध्यक्ष रहते हुए पहली बार आरसीए के अध्यक्ष बने थे। अब कहा जा रहा है कि आरसीए का अगला अध्यक्ष भी वहीं से होगा। यह इशारा सीधा वैभव गहलोत की ओर किया जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) से निलम्बन समाप्त होने के बाद आरसीए को 12 सितंबर तक चुनाव की घोषणा करनी है। हालांकि ललित मोदी गुट पहले ही आरसीए चुनाव की घोषणा कर चुका है।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुना गया
राजसमंद क्रिकेट एसोसिएशन के प्रोग्राम डायरेक्टर संदीप पालीवाल ने कहा है कि वैभव गहलोत राजसमंद क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बने हैं। वैभव का निर्वाचन निर्विरोध हुआ। राजसमंद में कोषाध्यक्ष का पद प्रदीप पालीवाल के निधन के बाद से करीब डेढ़ माह से खाली चल रहा था। निर्धारित सामान्य प्रक्रिया के तहत वैभव गहलोत को कोषाध्यक्ष चुना गया।

लोकसभा चुनाव में हार के बाद से क्रिकेट में दिलचस्पी
वैभव गहलोत ने लोकसभा चुनाव में राजस्थान के जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वैभव गहलोत को लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कई दिनों खुद जोधपुर जाकर बेटे के लिए प्रचार किया था। इस चुनावी हार के बाद से वैभव के क्रिकेट पॉलिटिक्स में कदम रखने की चर्चा थी।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here