सूरत में दर्दनाक हादसाः मजदूरों को डंपर ने कुचला, राजस्थान के 15 श्रमिकों की मौत

    0
    591

    जयपुर। गुजरात के सूरत में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सूरत के कोसांबा गांव के कीम रोड पर किम थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बेकाबू डंपर ने फुटपाथ पर सो रहे 18 श्रमिकों को कुचल दिया। हादसे में 15 जनों की मौत हो गई। वहीं तीन श्रमिकों की हालत गंभीर है। मृतक बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ उपखंड क्षेत्र के आस-पास के गांवों के श्रमिक थे। मृतकों में 6 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    वसुंधरा राजे ने जताया दुख
    इस हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राजे ने अपने ट्वीट में लिखा, सूरत में हुए भीषण सड़क हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत का समाचार हृदयविदारक है। अकाल मृत्यु का शिकार हुए ये सभी लोग राजस्थानी मजदूर बताए जा रहे हैं। मैं ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शान्ति,घायलों को स्वास्थ्य लाभ व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करती हूं।

    ओवरटेक के कारण हुआ हादसा
    राजस्थान के कई जिलों से बड़ी संख्या में मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए गुजरात जाते हैं। हादसे में जिन मजदूरों की मौत हुई है वे सभी बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ के भगतपुरा, सुनारिया, खेरदा और दौलपुरा के बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार डंपर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में एक ट्रक को टक्कर मारी। इससे डंपर का संतुलन गड़बड़ा गया और उसने फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों को कुचल दिया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर चालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here