राजस्थान में घमासान: CM कुर्सी की रेस में पायलट ने पकड़ी रफ्तार, जाट महासभा ने बढ़ाई टेंशन

0
212

जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव लिए जब से अशोक गहलोत की दावेदारी पक्की हुई है, तब से ही राजस्थान में अगले मुख्यमंत्री को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं दूसरी ओर सचिन पायलट भी अपनी संभावनाओं पर मेहनत कर रहे हैं।

सचिन दिन-रात कर रहे यह काम
नए सीएम के दावेदारों में सबसे आगे चल रहे सचिन पायलट ने शुक्रवार देर रात तक करीब 50 विधायकों से मिले। सचिन पायलट कुछ विधायकों से विधानसभा में तो कुछ से अपने सरकारी आवास पर मिले। इतना ही नहीं उन्होंने शुक्रवार को दिन से लेकर रात तक करीब 50 विधायकों से फोन पर बात की। जिनमें कांग्रेस के अलावा निर्दलीय विधायक भी शामिल हैं।

पायलट के साथ सीपी जोशी भी रेस में
सचिन पायलट ने राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी से भी मुलाकात की और उनके साथ लंबी राजनीतिक चर्चा की। इस बात की जानकारी सामने नहीं आ पाई है कि आखिर सचिन पायलट और जोशी के बीच में किन-किन मसलों पर बातचीत हुई। यहां बताना जरूरी है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की रेस के दावेदारों में सीपी जोशी का भी नाम है।

जाट महासभा ने किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री पद पर फैसला कांग्रेस आला कमान की ओर से किया जाएगा। लेकिन इन सब के बीच अब प्रदेश में जाट समुदाय के प्रतिनिधि को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठने लगी है। जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के केन्द्र में जाने के बाद प्रदेश में जाट समुदाय के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है।