आरसीए चुनाव 2019 : वैभव गहलोत का अध्यक्ष बनना तय, डूडी का कटा पत्ता

0
617

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और जोधपुर लोकसभा सीट से चुनाव हार चुके वैभव गहलोत के लिए राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी बिना खेले ही आउट हो गए। चुनाव अधिकारी आरआर रश्मि ने सोमवार देर रात वोटर लिस्ट जारी की है। चुनाव अधिकारी आरआर रश्मि ने वैभव को राजसमंद जिला संघ का कोषाध्यक्ष माना है। यानी अब वो आरसीए का चुनाव लड़ने के लिए पात्र हैं। वोटर लिस्ट में नांदू गुट या पूर्व में ललित मोदी गुट के तीन जिलों अलवर, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों को अयोग्य ठहराया गया है। इन जिला संघों में दोनों गुट में से किसी को भी मान्यता नहीं दी गई है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी जता चुके पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का पत्ता भी कट चुका है।

4 अक्टूर को वोटिंग
मंगलवार से नामांकन भरना शुरू हो गया है और बुधवार दोपहर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। 2 अक्टूबर को दोपहर बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 3 अक्टूबर को नामांकन वापसी हो सकेगी। 4 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद परिणाम घोषित होगा।

जोशी गुट की ओर से निर्विरोध चुनाव के दावे
चुनाव की प्रक्रिया की शुरुआत से ही जोशी गुट की ओर से निर्विरोध जीत के दावे किए जा रहे हैं। सीपी जोशी गुट अध्यक्ष पर वैभव गहलोत समेत कार्यकारिणी के सभी 6 पद पर जीत का दावा कर रहा है। सचिव पद पर महेंद्र शर्मा का नाम पर जोशी गुट के ज्यादातर जिले सहमत हैं हालांकि बाकी पदों पर मंथन जारी है। हालांकि मंगलवार और बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के बाद ही इन दावों की हकीकत पता चल सकेगी।

सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग : डूडी
कांग्रेस के नेता व नागौर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रामेश्वर डूडी ने वोटरलिस्ट जारी होने से पूर्व आरोप लगाया कि आरसीए चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीपी जोशी भले ही क्रिकेट का तजुर्बा रखते हैं, लेकिन उनका रवैया ठीक नहीं रहा। कोई भी संस्था गुटबाजी से आगे नहीं बढ़ सकती है। यहीं हाल कई सालों से आरसीए का हो रहा है।

आज भी ललित मोदी का दखल : आमिन पठान
बीजेपी नेता और कोटा जिला संघ के सचिव आमिन पठान ने कहा कि आरसीए के कुछ जिला संघों पर आज भी ललित मोदी का दखल है। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे ललित मोदी ही काम कर रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामेश्वर डूडी का क्रिकेट से कोई लेना देना नहीं हैं।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here