राज्यसभा उपचुनाव: पूर्व PM मनमोहन सिंह को मिला BSP और BTP का साथ, BJP के तरकश में नहीं बचा कोई तीर

0
788

जयपुर। करीब तीन दशक तक राज्यसभा के सदस्य रहे देश के पूर्व प्रधानमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. मनमोहन सिंह एक बार फिर सदन की चौखट पर पहुंचने के लिए कमर कस चुके हैं। मनमोहन सिंह ने आज, मंगलवार को राजस्थान से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर राज्यसभा के लिए अपनी ताल ठोक दी है। इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे सहित राज्य के कई मंत्री व वरिष्ठ नेता भी उनके साथ रहे।

प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले इस उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी मनमोहन सिंह को बहुजन समाज पार्टी के विधायकों ने भी समर्थन का ऐलान कर दिया है। झुंझुनूं के उदयपुरवाटी से बहुजन समाज पार्टी के विधायक राजेंद्र गुड्ढा ने बताया कि यदि मुख्यमंत्री गहलोत का आदेश है तो हम कांग्रेसी उम्मीदवार को पूरा समर्थन करने के लिए तैयार हैं। उन्होनें कहा कि मनमोहन सिंह जैसी राजनीतिक हस्ती को राजस्थान से संसद में भेजा जाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। गुड्ढा ने इन उपचुनावों में मनमोहन सिंह के निर्विरोध जीतने की पूरी संभावना भी जता दी है।

राजेन्द्र गुढ़ा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे साथ ही भारतीय ट्राइबल पार्टी ने भी कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन का ऐलान कर दिया है। साथ ही लगभग सभी निर्दलीय विधायक भी मनमोहन सिंह के पक्ष में वोटिंग के लिए तैयार है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के लिए उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारना ही ठीक होगा।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here