कौन बनेगा रामगढ़ का किंग। 31 को होगा फैसला

    0
    787
    elections
    अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर उप चुनाव संपन्न हो चुके हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव में एकमात्र शेष रही सीट पर आम जन में वोटिंग का क्रेज दिखा। सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चली। दोपहर 3 बजे तक 68 फीसदी लोग वोटिंग कर चुके थे। शाम 5 बजे तक 79 फीसदी मतदान हो चुका था। इसके बाद भी दर्जनों पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की कतारें देखी गई। ओवआॅल रामगढ़ विधानसभा सीट पर 79.12 फीसदी मतदान दर्ज किया गया जो पिछली बार के मुकाबले एक फीसदी कम रहा।
    चुनाव परिणाम 31 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। उस वक्त पता चल जाएगा कि रामगढ़ विधानसभा सीट का किंग कौन होगा। उल्लेखनीय है कि सात दिसम्बर को राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पूर्व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था।
    रामगढ़ सीट पर विधायक पद के लिए कुल 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं लेकिन बसपा के जगत सिंह, कांग्रेस की साफिया जुबेर खान और भाजपा के सुखवंत सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बता दें, राजस्थान में 7 दिसम्बर को हुए 199 विधानसभा सीटों के चुनाव में 99 सीट पर कांग्रेस, एक सीट पर कांग्रेस की गठबंधन सहयोगी आरएलडी ने जीत दर्ज की थी। भाजपा ने 73 सीटों पर बसपा ने 6, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 3न, माकपा और बीटीपी ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की है। 13 सीटों पर निर्दलीयों ने कब्ज जमाया है। कांग्रेस ने बसपा के साथ मिलकर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनाई है।
    बात करें रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तो यहां कुल 2,35,625 मतदाता निवास करते हैं। इनमें से 1,24,613 पुरुष और 1,10,497 महिला मतदाता हैं। 516 सर्विस मतदाता हैं। मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 1280 कार्मिक लगाए गए हैं। ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
    ईवीएम मशीन से हो रहे मतदान के साथ वीवीपेट का उपयोग किया गया है। मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में 278 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है और किसी भी जगह कोई विरोधाभास की शिकायतें प्राप्त नहीं हुई है। अब आखिर किसके सिर रामगढ़ के किंग का ताज सजेगा, इसके लिए 31 जनवरी को होनी वाली मतगणना का इंतजार है।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here