गुजरात की तर्ज पर राजस्थान में 2018 के चुनाव का बज चुका है बिगुल

    0
    10018
    Elections

    गुजरात विधानसभा के लिए प्रथम चरण के मतदान होने में अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है। यानी अगली सुबह से गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान होने वाले हैं। प्रथम चरण में कुल 89 सीटों पर मतदान होने हैं। गुजरात में कुल 182 सीटों पर मतदान होंगे। प्रथम चरण के मतदान कल यानी 9 दिसंबर और दूसरे चरण के चुनाव 14 दिसंबर को होंगे। प्रथम चरण में होने वाले मतदान में दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ शामिल है। 19 जिलों की 89 सीटों के लिए प्रथम चरण के मतदान होंगे। गुजरात से पहले हाल ही में हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव हुए हैं। इन विधानसभा चुनावों का नतीजा 18 दिसंबर को आना है। अब 2018 में गुजरात के पड़ोसी राज्य राजस्थान में भी चुनाव होने वाले हैं, जिसकी तैयारियां अब शुरू हो गई है। आइये जानते हैं राजस्थान में इन दिनों क्या कुछ चल रहा है..

    Gujarat Elections

    अगले वर्ष होने हैं राजस्थान में विधानसभा के लिए चुनाव

    गुजरात और हिमाचल प्रदेश के बाद अब वर्ष 2018 में राजस्थान में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। हिमाचल प्रदेश में नवंबर माह में चुनाव हो चुके हैं, वहीं गुजरात में दो चरणों मे विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों के नतीजों पर देश दुनिया की नज़र टिकी हुई है। क्योंकि गुजरात प्रधानमंत्री मोदी का गृह राज्य है और लोकसभा चुनावों में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत के बाद अब इन चुनावों के नतीजों में यह देखा जाएगा कि जीएसटी और नोटबंदी के फैसलों के बाद मोदी लहर अभी भी कायम है या नहीं। हालांकि इन चुनावों से पहले 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं जिसमें से 4 राज्यों में बीजेपी ने अपनी सरकार बनाई है। केवल पंजाब ही ऐसा राज्य रहा जहां कांग्रेस को चुनाव जीतने में सफलता मिली। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा आगे भी मोदी का कितना जादू बरकरार रह पाता है।

    वर्तमान राजस्थान सरकार 13 दिसंबर को पूरे करने वाली है सुराज के 4 वर्ष

    राजस्थान में वर्तमान सरकार इसी 13 दिसंबर को सुराज के 4 वर्ष पूरे करने जा रही है। वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली सरकार अपने 4 वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर रही है। राजस्थान भाजपा अपने सफल चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित करने वाली है। इसके लिए पार्टी ने जिला स्तर पर तैयारी कर ली है। जहां राजे सरकार के 4 वर्षों के दौरान किए गए विकास कार्यों को जनता के बीच रखा जाएगा। पिछली कांग्रेस सरकार के मुकाबले वर्तमान राजस्थान सरकार ने जमकर विकास कार्य करवाएं है। अगले विधानसभा चुनाव होने में 1 वर्ष से भी कम का समय रह गया है। अब दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने अगले विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस और भाजपा अगले विधानसभा चुनाव जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी।

    2018 विधानसभा चुनाव से पहले जल्द ही राजस्थान में होने हैं उपचुनाव

    राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में लगभग 1 वर्ष से भी कम का समय रह गया है। राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों में दिसंबर 2018 में विधानसभा होने हैं। लेकिन इन चुनावों से पहले राजस्थान में उपचुनाव होने हैं। राजस्थान में कुल तीन सीटों के लिए उपचुनाव होने है। ये उपचुनाव गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद होंगे। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी तक चुनाव तारीखों का घोषणा नहीं की गई है। लेकिन संभावना है कि इन विधानसभा चुनावों के बाद चुनाव आयोग राजस्थान सहित अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनावों की तारीख की भी घोषणा कर देगा।

    राजस्थान में इन 3 सीटों पर होने हैं उपचुनाव

    राजस्थान में कुल तीन सीटों पर उपचुनाव होने हैं। जिसमें अलवर और अजमेर की लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे, और भीलवाड़ा जिले की माड़लगढ़ सीट पर विधानसभा के लिए चुनाव होगा। ये तीनों सीटें विधायक और सांसदों की मृत्यु के कारण खाली हो गई थी। इन सीटों पर जल्द ही चुनाव होने वाले हैं जिसके लिए भाजपा और कांग्रेस ने कमर कस ली है। दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनावों की तैयारियों में लए हुए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले उपचुनाव दोनों ही पार्टियों के लिए काफी मायने रखते हैं। ऐसे में अगले वर्ष होने वाले चुनावों के माहौल का भी पता लग जाएगा। इन तीनों ही सीटों पर भाजपा का कब्जा था। भाजपा उपचुनावों में एक बार फिर से तीनों सीटें जीतकर अपना दम दिखाना चाहेगी। वहीं कांग्रेस अगले विधानसभा चुनावों की तैयारियों और जनता के रूख का पता कर पाएगी।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here