90 नगर निकायों में चुनाव: 6 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर, सीकर और अजमेर में हल्की झड़प

    0
    411

    जयपुर। राजस्थान के 20 जिलों के 90 नगरीय निकायों में सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सुबह 8 बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। प्रदेश के 90 निकायों के लिये 5253 मतदान केन्द्रों पर दिन चढ़ने के साथ-साथ मतदाताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न करवाया जा रहा है। हालांकि सीकर और अजमेर में मतदान के दौरान हल्की फुल्की झड़पों की खबरें सामने आई हैं, लेकिन उन्हें समय रहते निपटा दिया गया है। वहीं आयोग पूरी चुनावी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखे हुये है।

    इनकी प्रतिष्ठा लगी है दाव पर
    इन निकायों में एक नगर निगम सहित 9 नगर परिषद और 80 नगर पालिकाओं में जनप्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान किया जा रहा है। 90 नगरीय निकायों से 13 निकाय ऐसे हैं, जो 6 मंत्री और सरकारी उप मुख्य सचेतक के क्षेत्र से संबंधित हैं। ऐसे में इन मंत्रियों पर जल्द होने वाले मंत्रिमण्डल विस्तार में मजबूती से जगह बनाए रखने को लेकर निकायों में जीत दिलाने का दबाव रहेगा। इनकी प्रतिष्ठा दाव पर लगी हुई है। गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश अध्यक्ष व शिक्षा मंत्री : नगर पालिका लक्ष्मणगढ़। भंवर सिंह भाटी, उच्च शिक्षा मंत्री : नगर पालिका देशनोक। सुखराम विश्नोई, वन मंत्री : नगर पालिका सांचौर। अशोक चांदना, खेल मंत्री : नगर पालिका नैनवां (नगर परिषद बूंदी की भी रहेगी जिम्मेदारी)। सालेह मोहम्मद, अल्पसंख्यक मामलात मंत्री : नगर पालिका पोकरण (नगर परिषद जैसलमेर की भी रहेगी जिम्मेदारी)। रघु शर्मा, चिकित्सा मंत्री : नगर पालिका केकड़ी और नगर पालिका सरवाड़ (अजमेर से एक मात्र मंत्री होने के नाते नगर निगम अजमेर की भी रहेगी जिम्मेदारी)। महेंद्र चौधरी, सरकारी उप मुख्य सचेतक : नगर पालिका नावां (नागौर नगर परिषद की भी रहेगी जिम्मेदारी)।

    अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे ने की अपील
    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राजेंद्र राठौर सहित कई नेताओं ने जनता से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है। राजे ने अपने ​ट्वीट में लिखा, छोड़ के अपने सारे काम, पहले करें मतदान! मतदान आपका अधिकार ही नहीं, नैतिक कर्तव्य भी है। इसलिए सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि आज निकाय चुनाव के लिए होने वाले मतदान में अधिकाधिक भाग लेकर स्वयं के जागरूक नागरिक होने का परिचय दें। इसके साथ ही उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने की भी अपील है।

    30 लाख 28 हजार 544 मतदाता करेंगे वोटिंग
    राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि इन चुनावों के लिये कुल 30 लाख 28 हजार 544 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 1547974 पुरुष, 1480514 महिला और 56 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के दौरान केन्द्र और राज्य सरकार की ओर कोविड-19 के लिये जारी की गई गाइडलाइन की पालना करना अनिवार्य है। सभी मतदाता मास्क का उपयोग करें और सोशल डिस्टेंसिंग को बनायें रखें। मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं हो इसके पुख्ता इंतजाम किये गये है।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here