किरोड़ी सिंह बैंसला का निधन : राज्यपाल, अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे ने जताई संवेदना

    0
    418

    जयपुर। गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का निधन हो गया है। बैंसला लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने गुरुवार को सुबह जयपुर में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। कर्नल बैंसला गुर्जर आरक्षण आंदोलन को लेकर देशभर में चर्चित हुये थे। तेज तर्रार छवि वाले गुर्जर नेता कर्नल बैंसला के नेतृत्व में ही राजस्थान से गुर्जर आरक्षण को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू हुआ था। देशभर में चर्चित हुये इस आंदोलन में गुर्जर समाज के कई लोग मारे गये थे। बैंसला अपनी अंतिम सांस तक गुर्जर आरक्षण के लिये संघर्ष करते रहे। कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन से गुर्जर समाज में शोक की लहर छा गई है।

    मुंडिया गांव में होगा अंतिम संस्कार
    जयपुर के वैशाली नगर में अंतिम दर्शन के लिए बैसला का पार्थिव शरीर रखा गया है। घर पर लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। बैंसला के निधन से गुर्जर समाज में शोक की लहर छा गई है। कल कर्नल बैसला का मुंडिया गांव में अंतिम संस्कार होगा। उनके बेटे विजय बैसला ने इसकी पुष्टि की है।

    गुर्जर समाज के सबसे बड़े चेहरे के रूप में जाने जाते थे
    कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला गुर्जर समाज के सबसे बड़े चेहरे के रूप में जाने जाते थे। उनकी छवि बेहद तेज तर्रार और बेहतरीन रणनीतिज्ञ वाले नेता की थी। हालांकि कुछ समय पहले आरक्षण के मुद्दे को लेकर गुर्जर समाज में दो गुट बन गये थे। लेकिन इसके बावजूद कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का रुतबा कम नहीं हुआ था। कर्नल बैंसला की एक आवाज पर गुर्जर समाज उठ खड़ा होता था।

    राज्यपाल, अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे ने जताई संवेदना
    गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर गुर्जर और एमबीसी समाज में शोक की लहर है। राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित प्रदेश के कई राजनेताओं ने कर्नल बैंसला के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन का समाचार सुन अत्यंत दु:ख हुआ। उन्होंने आजीवन समाज की भावनाओं को आवाज दी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना करती हूं।

     

     

    बैंसला के तीन बेटे और एक बेटी
    कर्नल बैसला के तीन बेटे और एक बेटी है। सबसे बड़े बेटे दौलत सिंह बैंसला कर्नल पद से रिटायर हैं। उनके एक बेटे जय सिंह बैंसला मेजर जनरल हैं। उनकी बेटी सुनीता बैंसला आईआरएस अफसर हैं। विजय बैसला आईटी सेक्टर में काम करते थे, अब समाज सेवा और राजनीति में सक्रिय हैं।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here