क्या मुख्यमंत्री पद से ‘समझौता’ कर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी ढ़ंग से निभा पाएंगे सीएम गहलोत ?

0
645

लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की करारी हार के बाद आखिरकार राहुल गांधी ने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे की घोषणा ट्विवट पर कर दी है। राहुल के इस्तीफे के बाद अब नए अध्यक्ष पद के लिए अफवाहों का बाजार गर्म है। कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चल रहे हैं, साथ ही सुशील शिंदे, मल्लिकार्जुन खडगे, मीरा कुमार और ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम भी चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्ष पद के नाम का ऐलान संभव है। हाल ही में सीएम गहलोत की सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अशोक गहलोत के पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के कयासों की चर्चा को भी काफी जोर मिल रहा है। हर किसी के मन में ये सवाल है कि यदि गहलोत को अध्यक्ष बनाया जाता है तो क्या वे ये जिम्मेदारी बखूबी निभा पाएंगे ?

गहलोत की पार्टी अध्यक्ष पर ‘सहमति’ लेकिन मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ेंगे

बीते कुछ दिनों पहले सीएम गहलोत ने भी कहा था कि वे पार्टी के कहने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल सकते हैं लेकिन मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ सकते। गहलोत के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भले ही उनका राजनीतिक कद बढ़ जाएगा लेकिन साथ ही वे राजस्थान की राजनीति से दूर भी हो जाएंगे। अध्यक्ष बनने के बाद गहलोत पर देशभर में कांग्रेस पार्टी को फिर से खड़ा करने की जिम्मेदारी आएगी, ऐसे में वो प्रदेश की राजनीति पर विशेष ध्यान नहीं दे पाएंगे। गहलोत की इच्छा दोनों हाथों में लड्डू लेने की है यानि कि एक ओर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी और दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री पद पर भी बने रहना। राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो वे अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल सकते हैं लेकिन सीएम पद किसी भी हालत में नहीं छोड़ेगे। क्योंकि गहलोत नहीं चाहेंगे कि राजस्थान कांग्रेस में उनका जैसा बड़ा कद अन्य किसी और नेता का हो। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही गहलोत की राजस्थान की राजनीति से विदाई भी तय हो जाएगी।

वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने भी लिया सीएम गहलोत का नाम

पार्टी के सबसे उम्रदराज महासचिव मोतीलाल वोरा ने कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक मीडिया चैनल से इंटरव्यू के दौरान मोतीलाल वोरा ने स्वयं के अंतरिम अध्यक्ष बनने के सवाल के जवाब में कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और इसके लिए अन्य कई नाम भी चल रहे हैं। वोरा ने कहा कि अशोक गहलोत का भी नाम चल रहा है। वोरा के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी गांधी परिवार के इतर किस नेता को सौंपी जा सकती है।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here