नागौर में ट्रक-क्रूजर की भिड़ंत : 5 लोगों की मौत,12 घायल

0
250

जयपुर । नागौर जिले के लाडनूं हाईवे पर ट्रक और क्रूजर गाड़ी के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रामदेवरा (जैसलमेर) से रींगस (सीकर) जा रही क्रूजर एक ट्रक से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। 5 गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। घटना गुरुवार देर रात 11:30 बजे नागौर जिले की है।

सभी यात्री रामदेवरा दर्शन के लिए आए थे
जानकारी के अनुसार क्रूजर सवार सभी यात्री रामदेवरा दर्शन के लिए आए थे। गुरुवार को दर्शन कर यह रींगस की तरफ जा रहे थे। तभी बुरडी फांटा के पास सामने से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक से भिड़ंत होते ही क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। इनमें बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए। हादसे में सीकर जिले के जिन पांच लोगों की मौत हुई उनमें 40 वर्षीय फूलचंद, 25 वर्षीय रोहिताश, 25 वर्षीय कौशल्या, 27 वर्षीय रूकमा और 7 वर्षीय हेमराज शामिल हैं।

5 यात्रियों की हालत गंभीर
मौके पर मौजूद लोगों ने सुरपालिया थाने के पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्रूजर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से 5 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। 12 घायलों को एंबुलेंस की मदद से नागौर के डेह अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें नागौर के जेएलएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इनमें 5 यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जोधपुर रेफर किया गया।