अपना घर आश्रम में 3 की मौतः दो दर्जन की हालत खराब, हड़कंप मचा

    0
    366

    जयपुर। कोचिंग सिटी कोटा में स्थित अपना घर आश्रम में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वहीं करीब दो दर्जन लोगों की तबीयत खराब बताई जा रही है। इनमें से 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। घटना के पीछे फूड पॉयजनिंग अथवा जहरीले कीड़े के काटने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना से कोटा पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सूचना पर जिला कलेक्टर और सीएमएचओ सहित पुलिस तथा प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं।

    किचन के पास गंदगी मिली, पानी भी साफ नहीं
    अपना घर आश्रम में रह रहे मानसिक रूप से कमजोर 3 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक पुरुष और दो महिलाएं हैं। आश्रम में तीनों मौतों के पीछे लापरवाही सामने आई है। वहां पीने के लिए साफ पानी नहीं था। जहां खाना बनाया जा रहा था, वहां गंदगी थी। जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम 2017 से आश्रम में रहीं सुदेवी, 2019 से रह रही मुन्नी और 2021 से रह रहे दिलीप की तबीयत बिगड़ी थी। तीनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

    मामले की जांच पड़ताल में जुटी मेडिकल टीम
    आशंका यह भी जताई जा रही है कि किसी जहरीले कीड़े के काटने की वजह से भी ऐसा हो सकता है। बहरहाल मेडिकल टीम पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। अपना घर आश्रम कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना इलाके में स्थित है। वहां निराश्रित लोगों को आश्रय दिया जाता है। असमय मौत के शिकार हुये लोगों की उम्र 40 से 60 वर्ष के बीच की बताई जा रही है।